सुल्तानपुर लोधी में चल रहे सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सद्भावना शिविर में बुधवार देर रात शिविर में शामिल 30 राज्यों के अलावा देश-विदेश से आए वालंटियर्स की सुरक्षा में तैनात एएसआई का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें कुछ युवक एएसआई के शराब के नशे में ड्यूटी पर आने को लेकर बहस करते दिख रहे हैं। इस वीडियो के बाद डीएसपी सुल्तानपुर लोधी ने एएसआई को सस्पेंड करके पुलिस लाइन भेज दिया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो में वालंटियर्स की सुरक्षा में तैनात एएसआई ठाकुर सिंह की शराबी हालत में युवाओं के साथ बहसबाजी हो रही है। इसमें युवक शिविर में शामिल महिला वालंटियर्स की शमूलियत को लेकर शराबी हालत में एएसआई को सुरक्षा में तैनात करने को लेकर बहस कर रहे है। इस बहसबाजी के बाद युवा काफी गुस्से में थे।
शराबी एएसआई को एक अन्य पुलिस कर्मी लेकर जा रहा है। इस मामले को लेकर नेशनल यूथ प्रोजेक्ट नई दिल्ली के मीडिया को-आर्डिनेटर पंजाब सतपाल असीम ने कहा कि महिला वालंटियर्स से छेड़छाड़ वाली बात गलत है। पुलिस और युवाओं दोनों की गलती है। एसएचओ सुल्तानपुर लोधी को जानकारी दे दी गई थी। एएसआई के शराबी होने के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। डीएसपी सुल्तानपुर लोधी तेजवीर सिंह हुंदल ने कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद एएसआई ठाकुर सिंह को सस्पेंड करके पुलिस लाइन भेज दिया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।