चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (पुटा) चुनाव में रविवार को नामांकन किए गए उम्मीदवारों के लिए नाम वापसी का आखिरी दिन था। इस दौरान पुटा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पदों में एक-एक उम्मीदवार और ग्रुप-1 में दो, ग्रुप दो में एक और ग्रुप तीन में चार उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया है। अब अध्यक्ष पद के लिए यूआईईटी के डॉ. मनु शर्मा और एसी जोशी लाइब्रेरी के डॉ. मृत्युंजय कुमार के बीच टक्कर है। इसे लेकर मृत्युंजय ग्रुप ने पत्र भी जारी कर दिया है कि वीसी के गुट से बचें और शिक्षकों के हितधारकों का साथ दें।
पंजाब यूनिवर्सिटी के शिक्षकों के चुनाव 28 अक्तूबर को लॉ ऑडिटोरियम में सुबह साढ़े आठ से दोपहर दो बजे तक आयोजित करवाए जाएंगे। मतगणना भी उसी दिन हो जाएगी। इस बार पुटा चुनाव में 626 शिक्षक मतदान करेंगे। पिछले पुटा चुनाव में 628 शिक्षकों ने मतदान किया था। पुटा चुनाव में विभिन्न पदों पर डेंटल कॉलेज के साथ विज्ञान और इंजीनियरिंग विभागों के शिक्षक अधिक चुनाव में मतदान में उतरे हैं। मतदाताओं में सेवानिवृत होने वाले शिक्षकों के नाम मतदाता सूची से हटाए भी गए हैं।
केशव मल्होत्रा और कमला चुने गए निर्विरोध
पुटा चुनाव में इस बार ग्रुप चार और ग्रुप पांच में एक सीट पर एक शिक्षक के नामांकन भरने पर संध्या विभाग के केशव मल्होत्रा और ग्रुप पांच में यूएसओल की कमला निर्विरोध चुने गए हैं।
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए ये उम्मीदवार मैदान में
पुटा उपाध्यक्ष पद के लिए डेंटल कॉलेज के इकरीत सिंह बल और लॉ विभाग की सुपिंदर कौर मैदान में है। सचिव पद के लिए बायोकेमिस्ट्री के अमरजीत सिंह नौरा और बायोटेक्नोलॉजी विभाग के कश्मीर सिंह ने नामांकन भरा है। संयुक्त सचिव पद के लिए बायोफिजिक्स के सर्वनरिंदर कौर और फिलास्फी की शिवानी शर्मा मैदान में है। कोषाध्यक्ष के लिए इकोनॉमिक्स के नितिन अरोड़ा और यूएसओल के सुच्चा सिंह मैदान में हैं।
विभिन्न ग्रुपों के लिए ये उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव
अब ग्रुप एक में चार सीटों के लिए अंग्रेजी की दीप्ति गुप्ता, सोशल वर्क के गौरव गौड़, यूएसओल के गौतम बहल, इतिहास के जसबीर सिंह, संगीत के नीलम पॉल, एसी जोशी लाइब्रेरी के नीरज कुमार सिंह, इतिहास के प्रियतोश शर्मा, एसी जोशी लाइब्रेरी के सुमन सुमी चुनाव लडे़ंगे। ग्रुप दो की चार सीटों के लिए बॉटनी के एन सिंह, कंप्यूटर सेंटर के बलराम सूदन, कंप्यूटर यूनिट की ममता गुप्ता, केमिस्ट्री की नवनीत कौर, केमिस्ट्री के विजय पाल सिंह, न्यूक्लियर मेडिसिन के विजयेता चड्ढा, बॉटनी के संतोष उपाध्याय, एनवायरमेंट साइंस की सुमन मोर मैदान में हैं। ग्रुप तीन की चार सीटों के लिए आईईटीवीई के अमृतपाल कौर, यूआईईटी के अनिल कुमार, यूआईपीएस के अनिल कुमार, यूआईएलएस के अनुपम बहरी, फिजिकल एजुकेशन के गुरमीत सिंह, यूआईईटी के मिंटो रतन, यूआईएचटीएम केनीरज अग्रवाल, यूआईईटी के परवीन गोयल चुनाव लड़ेंगे।