चंडीगढ़। शहर में बुधवार रात करीब सवा एक बजे 70 किमी की रफ्तार से आंधी चली, जिसकी वजह से कई पेड़ गिर गए। 100 से ज्यादा पेड़ों की टहनियां टूट गईं। कुछ पेड़ तो बीच से टूट गए। कई सड़कें व साइकिल ट्रैक बंद हो गए। सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को भी परेशानी हुई। रात में ही लगभग पूरे शहर में बिजली गुल हो गई। दो घंटे बाद कुछ इलाकों में बिजली बहाल हो गई, लेकिन कई हिस्सों में लोग सुबह तक बिजली का इंतजार करते रहे। बिजली नहीं होने की वजह से कई ट्रैफिक सिग्नल भी बंद रहे।यूटी प्रशासन के अंतर्गत आते इलाकों में पांच से छह पेड़ टूटे हैं, जबकि 25 से 30 पेड़ों की टहनियां टूट कर गिरी हैं। पेड़ व टहनियां गिरने के कारण कई जगहों पर बिजली के खंभों पर भी नुकसान पहुंचा है जिसकी वजह से रात सवा एक बजे अधिकतर सेक्टरों में बिजली गुल हो गई थी, जो रात ढाई-तीन बजे के करीब बहाल हो पाई। इसी तरह कुछ सेक्टरों में सुबह तक बिजली नहीं आई। इसका असर ट्रैफिक सिग्नल पर भी दिखा। आंधी की वजह से किसान चौक, आईटी पार्क लाइट प्वाइंट समेत कई ट्रैफिक सिग्नल बंद हो गए, जो सुबह तक बंद ही रहे। ऑफिस जाने के समय सुबह पुलिसकर्मी ट्रैफिक को निकालते नजर आए। लोगों ने बताया कि सुबह के समय कुछ इलाकों में बिजली आ गई, लेकिन फिर कट गई थी। गांवों व कॉलोनियों में ज्यादा समस्या आई। यूटी प्रशासन के चीफ इंजीनियर सीबी ओझा ने बताया कि तेज हवा की वजह से कई पेड़ों की टहनियां बिजली के तार पर गिर गईं, जिसकी वजह से कुछ इलाकों में बिजली प्रभावित हुई थी। हॉर्टिकल्चर और बिजली विभाग के कर्मचारी रात से ही काम पर लग गए थे, ताकि जल्द बिजली बहाल की जा सके।
यहां गिरे पेड़ व टूटीं टहनियां
सेक्टर-39 में पुलिस थाने के पास कई पेड़ की टहनियां टूट गईं। सेक्टर-20/30 के डिवाइडिंग सड़क के बीचों बीच पेड़ टूट कर गिर गया, जिससे सड़क बंद हो गई। पुलिस की टीमों ने हॉर्टिकल्चर विभाग को जानकारी दी, जिसके बाद पेड़ को सड़क के किनारे कर ट्रैफिक को चलाया गया। सेक्टर-36/37 की डिवाइडिंग सड़क पर भी पेड़ गिर गया, जो काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। सेक्टर-24 में सड़क किनारे का एक पेड़ बीच से टूट कर घर के अंदर गिरा। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। सेक्टर-25 में डेंटल कॉलेज कैंपस की बाउंड्री के पास मौजूद पेड़ की टहनी टूट कर सड़क की तरफ गिर गई। सेक्टर-7/26/19/27 सड़क पर भी पेड़ गिरा। हालांकि, ट्रैफिक डायवर्ट नहीं किया गया। इसके अलावा सेक्टर-28 के स्कूल, मध्य मार्ग में सेक्टर-19 की तरफ, धनास से पीजीआई की सड़क पर कई पेड़ टूट गए। सेक्टर-9 की अंदरूनी मार्केट से पहले, सेक्टर-17 और 16 के डिवाइडिंग सड़क, सेक्टर-20 में दो कार व एक मोटरसाइकिल पर और सेक्टर-11 के बीट बॉक्स में पेड़ गिर गया। इसके साथ ही निगम के अंतर्गत आते प्रमुख मार्गों पर भी पेड़ गिरे हैं।
इन इलाकों में रही बिजली की समस्या
जिन इलाकों में बिजली की अधिक समस्या थी, उनमें 21, 43, 32, 33, 35, 38, 39, 41, 43, 45, 48 व राम दरबार आदि शामिल हैं। फेडरेशन ऑफ सेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन बलजिंदर सिंह बिट्टू ने बताया कि कई एरिया में बिजली सप्लाई प्रभावित होने को लेकर उनके पास शिकायत आई है। सेक्टर-21, 43 व 35 में अधिक समस्या थी, यहां सुबह तक बिजली नहीं आई।