हरियाणा सरकार डॉक्टरों की 13 दिसंबर की प्रस्तावित हड़ताल को रोकने में जुट गई है। स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक डॉ. वीणा सिंह ने महामारी की स्थिति को देखते हुए सभी डॉक्टरों से हड़ताल पर न जाने की अपील की है। वीणा सिंह ने कहा कि वे हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज (एचसीएमएस) एसोसिएशन की 13 दिसंबर से घोषित राज्यव्यापी हड़ताल में हिस्सा न लें।
उन्होंने एचसीएमएस एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी आम जनता के हित को देखते हुए हड़ताल का नोटिस वापस लेने की अपील की है। डॉ. वीणा ने बताया कि एचसीएमएस एसोसिएशन ने अपनी मांगों, विशेषज्ञ कैडर का सृजन, स्नातकोत्तर नीति में संशोधन और एसएमओ की सीधी भर्ती पर रोक को लेकर 13 दिसंबर 2021 से राज्यव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
यह भी पढ़ें ः जींद: बुजुर्ग महिला ने खाते से निकलवाकर थैले में रखे 50 हजार रुपये, बैंक परिसर में ही हुए चोरी
विभाग पहले ही विशेषज्ञ कैडर का सृजन और स्नातकोत्तर नीति में संशोधन के संबंध में विचार कर चुका है। इसलिए, कोविड-19 महामारी और ओमिक्रोन वैरिएंट के कारण कोविड-19 की तीसरी लहर के खतरे की आशंका के समय में एचसीएमएस एसोसिएशन द्वारा वर्तमान में दिया गया नोटिस पूरी तरह से अनुचित और अमानवीय है।
सरकार ने हमेशा चिकित्सकों की मांगों का ध्यान रखा है। हाल ही में सरकार ने महामारी के प्रकोप को कम करने में फ्रंटलाइन वॉरियर्स के योगदान को बड़े पैमाने पर सराहा है और मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये की राशि जारी की है। इस समय चिकित्सक उनकी शिकायतों से ऊपर उठें। उन्हें वर्तमान महामारी की स्थिति को देखते हुए रोगियों के प्रति समर्पित और कर्तव्यबद्ध होना चाहिए।