चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर डेराबस्सी में बन रहे फ्लाईओवर के डिजाइन में फेरबदल कर दिया गया है। अब फ्लाईओवर के निर्माण के लिए हाईवे के साथ आते मकान नहीं गिराए जाएंगे। क्योंकि अब दोनों सर्विस लेन ओवरब्रिज के एक ही साइड होंगे। यह जानकारी सीपीएस व हलका विधायक एनके शर्मा ने दी।
वीरवार को नगर परिषद कार्यालय में नेशनल हाईवे से जुड़ी समस्याओं पर आधारित बैठक में हलका विधायक, नेशनल हाईवे के अधिकारी व स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। एनके शर्मा ने कहा कि नेशनल हाईवे के अधिकारियों से हाईवे पर स्थित खेड़ा मंदिर व इसके साथ अन्य निर्माणों को न गिराने का आग्रह किया गया था।
नए डिजाइन में यह होगा
पहले फ्लाईओवर के नीचे दोनों ओर सड़क बनाने की योजना थी, लेकिन अब बरवाला मोड़ के पास से जाने व आने वाली दोनों सड़कों को फ्लाईओवर के एक ही तरफ बना दिया जाएगा। इसके बाद मुख्य मार्ग पर स्थित फायर ब्रिगेड के कार्यालय के पास से फिर से सड़क फ्लाईओवर के दोनों ओर बंट जाएगी। बैठक में एसडीएम डेराबस्सी शिवकुमार, नेशनल हाईवे से प्रोजेक्ट इंचार्ज ओसी माथुर व नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेश शर्मा, नप प्रधान भूपिंद्र सैनी, सीनियर वाईस प्रधान मुकेश गांधी व उपप्रधान हरजिंद्र सिंह रंगी विशेषतौर पर मौजूद थे।
घरों के आगे साढ़े चार फुट रास्ता छोड़ा जाएगा
हाईवे के किनारे बनाई जा रही सर्विस लेन के कारण बरवाला मोड़ से आगे रहने वाले लोगों के घरों के लिए रास्ता न रहने के चलते नेशनल हाईवे के अधिकारियों के साथ हलका विधायक ने मौके का दौरा किया। इसके बाद वहां रहने वाले लोगों के घरों के आगे चार फुट से साढ़े चार फुट का रास्ता छोड़ने की सहमति बनी।
इसके बाद मुख्य मार्ग पर स्थित जनेतपुर कट में वाहनों के मुड़ने के लिए जगह कम होने के कारण आए दिन होने वाले भयानक हादसों को देखते हुए स्टोरेज रोड बनाने का फैसला लिया गया।
हैबतपुर व मुबारिकपुर जाने वालों के लिए अलग सर्विस लेन
चंडीगढ़ से डेराबस्सी आने वाले और हैबतपुर व मुबारिकपुर मुड़ने वाले लोगों के लिए अलग से सर्विस लेन बनाने पर भी सहमति बनी। इसके लिए नेशनल हाईवे के प्रोजेक्ट इंचार्ज ने अधिकारियों को डिजाइन के साथ प्रस्ताव बनाने को कहा है। इस समय लोग रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से घूमकर लंबा चक्कर काटकर हैबतपुर व मुबारिकपुर की ओर जाते हैं।
फ्लाईओवर पर रहेगी 80 की स्पीड
डेराबस्सी में बनाए जा रहे फ्लाईओवर पर वाहनों की स्पीड को लेकर काफी कशमकश चल रही थी। फ्लाईओवर के बीच में दिए जा रहे मोड़ के कारण पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि वाहन 80 की स्पीड पर फ्लाईओवर चढ़ेगा व बीच में आकर मोड़ के पास उसकी स्पीड 50 की हो जाएगी, लेकिन अब नए डिजाइन के अनुसार मोड़ ऐसा होगा कि पूरे फ्लाईओवर पर वाहनों की स्पीड 80 की रहेगी।
निर्माण में तेजी की प्रशंसा
फ्लाईओवर का निर्माण गुआर कंपनी कर रही है। निर्माण में तेजी पर विधायक ने कंपनी व नेशनल हाईवे के अधिकारियों की प्रशंसा की। शर्मा ने कहा कि निर्माण में तेजी व इस दौरान यातायात में भी कोई बाधा नहीं आ रही है, जो सराहनीय है।
एनके शर्मा को समझाने के लिए ईओ लटके रेलवे ओवरब्रिज पर
एनके शर्मा ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों के साथ मौका देखना था। इसके लिए उनकी गाड़ी रेलवे ओवरब्रिज पर ही खड़ी थी, जबकि ईओ राजेश शर्मा समेत अन्य अधिकारी नीचे खड़े थे।
एनके शर्मा को समझाने के लिए ईओ राजेश शर्मा रेलवे ओवरब्रिज की रेलिंग से लटककर खड़े हो गए। जो करीब दस फुट की ऊंचाई पर था। यहीं से ही उन्होंने एनके शर्मा को पूरी बात समझाई।