आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पंजाब दौरा रद्द हो गया। उन्हें 14 नवंबर को मोगा की यात्रा पर पंजाब आना था। उम्मीद जताई जा रही थी कि मोगा दौरे के दौरान केजरीवाल पंजाब के लिए तीसरी गारंटी योजना की घोषणा करेंगे। अब उनके 18 नवंबर आने की संभावना है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इससे पहले केजरीवाल पंजाब के कई दौरे कर चुके हैं। जिसमें वह उद्योग, व्यापार और वाणिज्य के विकास के लिए 10-सूत्रीय एजेंडा का अनावरण कर चुके हैं। इसके अलावा 300 यूनिट मुफ्त बिजली और घरेलू क्षेत्र के लिए टैरिफ कम करने की भी वह घोषणा कर चुके हैं। उनके मोगा दौरे से पहले पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रमन बहल को औपचारिक रूप से आप में शामिल किया जा चुका है।
पार्टी की ओर से गुरदासपुर सीट से उनकी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा की जा चुकी है। केजरीवाल के नवंबर में होने वाले पंजाब दौरे को लेकर जानकारी दी गई है कि 14 नवंबर को प्रस्तावित यात्रा को तीन से चार दिन के लिए टाल दिया गया है। हालांकि सही तारीख की घोषणा एक या दो दिन में की जाएगी लेकिन उनके 18 नवंबर को पहुंचने की संभावना है।
सोनू सूद का पैतृक शहर है मोगा
कुछ माह पहले फिल्म अभिनेता सोनू सूद केजरीवाल से मिले थे। साथ ही युवाओं को सलाह देने के लिए राजदूत के रूप में उनकी सरकार में शामिल भी हो चुके हैं। जिसके बाद सूद के राजनीति में शामिल होने पर बहस शुरू हो गई है। केजरीवाल की सूद के पैतृक शहर की यात्रा को अब राजनीतिक गलियारों में अभिनेता को पार्टी में लाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।