पांसरा थर्मल प्लांट के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे 35 वर्षीय व्यक्ति का शव नग्न हालत में मिला। शव गलसड़ चुका है और उस पर कीड़े चल रहे हैं। शरीर पर कई जगह चोट लगे होने से इसे हत्या मानने से इंकार नहीं किया जा सकता है, लेकिन जीआरपी इसे ट्रेन हादसा ही करार दे रही है।
पुलिस का कहना है कि व्यक्ति की मौत ट्रेन से गिरकर या फिर कटकर हुई है, जबकि इसमें हत्या जैसा कुछ नहीं है। फिलहाल पुलिस ने शव को शिनाख्त न होने पर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
सोमवार सुबह करीब दस बजे गैंगमैन राकेश को पांसरा थर्मल प्लांट के समीप रेलवे लाइनों के समीप एक शव दिखाई दिया। उसने इसकी सूचना जगाधरी रेलवे स्टेशन अधिकारियों को दी। स्टेशन अधीक्षक द्वारा करीब दस बजकर 20 मिनट पर मीमो मिलने के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त का प्रयास किया। किंतु शव बिलकुल नग्न अवस्था में था और उसके आसपास कुछ भी सुराग बरामद नहीं हुआ, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त हो सके। बाद में पुलिस ने शिनाख्त न होने पर शव को यमुनानगर के सिविल अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया।
हालात बता रहे हत्या, पुलिस कह रही हादसा
पुलिस की मानें तो मौके से बरामद शव पर कीडे़ चल रहे थे, जिससे उसके दो दिन पुराना होने का अनुमान है। मृतक की दोनों टांगे कटी हैं, जिसमें से एक टांग मौके से नहीं मिल पाई। यहीं नहीं मृतक का मुंह बुरी तरह कुचला प्रतीत हो रहा है, जबकि घुटने व बाजू पर चोट के निशान हैं। शव रेलवे ट्रैक से सटी झाड़ियों में औंधे मुंह पड़ा था। हालात मामले को हत्या का बता रहे हैं, जबकि पुलिस इसे हादसा बताने पर अड़ी है।