हरियाणा में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए हर जिले में साइबर थाना खोला जाएगा। साथ ही इन थानों में आईटी प्रोफेशनल स्टाफ को तैनात किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही पदों को सृजित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के हर शहर, जिनमें रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, मार्केट व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों सहित अन्य जरूरी स्थानों पर एचडी/नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाने को योजना बनाई जाएगी।
यह जानकारी प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज ने दी। वह मंगलवार को गृह व पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। इस बैठक में गत दिनों लखनऊ में प्रधानमंत्री व केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित पुलिस अधिकारियों की बैठक में लिए गए निर्णयों व बिंदुओं पर मंथन किया गया। विज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गुरुग्राम व फरीदाबाद के साइबर थानों में प्रोफेशनल व इकॉनोमिक्स के जानकार लोगों को तैनात किया जाए, ताकि साइबर अपराधों को जल्द से जल्द सुलझाया जा सकें।
गुरुग्राम व फरीदाबाद में दस्तों का गठन
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए गुरूग्राम व फरीदाबाद में दस्तों का गठन किया गया है और मॉल इत्यादि भीड़भाड़ वाली जगहों पर ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, अब पुलिस अधिकारियों व जवानों को केंद्र द्वारा निर्धारित नए सिलेबस के तहत प्रशिक्षण कोर्स करवाए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि रोहतक व हिसार-1 की जेलों में नशामुक्ति केंद्र खोले गए हैं और जल्द ही हर जेल में नशामुक्ति केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
ड्रोन संचालन के लिए जगह चिन्हित करें
विज ने आदेश दिए कि ड्रोन को संचालित करने के लिए विभिन्न स्थानों को चिन्हित किया जाए जहां पर ड्रोन उड़ाने के लिए मंजूरी ली जानी चाहिए। बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा, गृह सचिव बलकार सिंह, पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एएस चावला, ओपी सिंह, श्रीकांत जाधव, आलोक मित्तल सहित भी उपस्थित रहे।