फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुलासाः पाक से भेजी गई 532 किलो हेरोइन का हवाला से भुगतान, आईएसआई की मिलीभगत की आशंका

Mon, 01 Jul 2019 09:47 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अमृतसर (पंजाब)
विज्ञापन
नशे की तस्करी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पाकिस्तान से अब तक की सबसे बड़ी 2700 करोड़ रुपये की नशे की खेप भारत पहुंची। जांच पड़ताल की गई तो मामले में दो बातें सामने आई हैं। कस्टम विभाग ने अटारी सड़क सीमा पर स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी)पर पाकिस्तान से आए नमक के एक ट्रक से 532 किलोग्राम हेरोइन के पैकेट बरामद किए गए। विभाग ने 52 किलोग्राम नशे के कुछ पैकेट अलग से बरामद किए गए, जिसके नमूने जांच के लिए दिल्ली स्थित लैब में भेज दिए गए हैं।
विज्ञापन


नमक की बोरियों से बरामद हेरोइन की कीमत इंटरनेशनल मार्केट में 2700 करोड़ रुपये से अधिक है। यह देश में पकड़ी गई हेरोइन की अब तक की सबसे बड़ी खेप है। सूत्रों के मुताबिक, इस ड्रग्स का भुगतान हवाला के जरिये किया गया था। माना जा रहा है कि आईएसआई की मिलीभगत के बिना इतनी बड़ी खेप का आना संभव नहीं है। इस खेप को वाघा रोड स्थित ग्लोबल विजन इम्पेक्स, लाहौर ने अमृतसर की फर्म कनिष्क इंटरप्राइजेज को भेजा था।

कस्टम विभाग ने कनिष्क इंटरप्राइजेज के मालिक गुरपिंदर सिंह को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं नमक की डिलीवरी लेने पहुंचे उसके एजेंट को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक पूछताछ के दौरान पता चला कि गुरपिंदर के संबंध श्रीनगर में हंदवाड़ा निवासी दुकानदार तारिक अहमद लोन के साथ हैं। कस्टम विभाग की सूचना पर मामले के मास्टरमाइंड तारिक अहमद को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन


गुरपिंदर को पाकिस्तान के साथ आयात-निर्यात का लाइसेंस अक्तूबर 2018 में मिला था। उसने अभी तक नमक की दो खेप पाकिस्तान से मंगवाई हैं। कस्टम विभाग को कुछ ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिससे इस खेप के लिए हुए भुगतान के तार आतंकवादियों से जुड़ रहे हैं। हालांकि विभाग अभी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं।
विज्ञापन

600 नमक की बोरियां आईं, 14 में थी ड्रग्स

कस्टम विभाग के कमिश्नर दीपक कुमार गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि 26 जून को पाकिस्तान से नमक की 600 बोरी आईसीपी पहुंचीं। इस पूरी खेप की कीमत दस लाख से कम थी, इसलिए इसे खुले में उतार दिया गया। खेप की जांच शनिवार को शुरू की गई। जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को शक हुआ कि नमक की कुछ बोरियां दूसरों से अलग हैं। जांच की गई तो देखा कि 14 बोरियों बीच कुछ पैकेट छिपा कर रखे हुए थे। इन पैकेटों की जांच की गई तो उनमें ड्रग्स मिली।

पाकिस्तान कस्टम से करेंगे बात
दीपक कुमार ने बताया कि भारतीय कस्टम विभाग इस मामले पर पाकिस्तान कस्टम विभाग से बातचीत करेगा। वाघा स्थित आईसीपी से नमक की खेप के साथ हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थ की खेप भारत कैसे पहुंची। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार नहीं किया गया, क्योंकि वह खेप उतारकर चला गया था। पूछताछ में यदि ड्राइवर की संलिप्तता पाई गई, तो पाकिस्तान कस्टम विभाग को उसकी शिकायत करके गिरफ्तार करके भारत लाया जाएगा।

नमक पर है 200 फीसदी कस्टम ड्यूटी
पुलवामा हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान से आयात होने वाले कई पदार्थों पर 200 फीसदी कस्टम ड्यूटी लगाई हुई है। नमक भी इस ड्यूटी में शामिल है। कस्टम विभाग को शक हुआ कि इसके बावजूद गुरपिंदर सिंह ने महंगी आइटम क्यों मंगवाई। दीपक कुमार के अनुसार, कस्टम क्लीयरेंस एजेंट से भी पूछताछ की गई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें