सीटीयू बस कंडक्टर ने पैसों और दस्तावेजों से भरा बैग लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की तो सभी ने तालियां बजाकर स्वागत किया। कंडक्टर दमन प्रीत सिंह ने रुपयों से भरा बैग यात्री को लौटाया है। दमन प्रीत को लोकल बस की रूट नंबर 205 की बस की सीट पर मंगलवार शाम को चार बजे एक बैग मिला।
उस बैग में पासपोर्ट, तीन अलग-अलग बैंकों की पासबुक, श्यामधाम वृंदावन की एक चैरिटेबल बुक और 14 हजार पांच सौ रुपये नगद थे। बस कंडक्टर ने उस बैग को सेक्टर-17 स्थित आईएसबीटी के स्टेशन सुपरवाइजर आरबी सिंह के सुपुर्द कर दिया।
आरबी सिंह ने बताया कि बैग की जांच कर उसमें मिले फोन नंबर पर फोन किया गया। इसके बाद श्याम धाम से आए व्यक्ति को जांच के बाद बैग नगदी और सामान के साथ सौंप दिया गया। आरबी सिंह ने बताया कि दमनप्रीत सिंह को इससे पहले भी दो लाख रुपये से भरा बैग मिला था।