दोस्त के साथ जिम से घर लौट रहे एनआरआई तरलोचन सिंह के बेटे जगदेव सिंह लाडी (26) की बाइक सवार तीन हथियारबंद लोगों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। थाना सदर तरनतारन के गांव दीनेवाल निवासी तरलोचन सिंह 15 वर्ष से यूके में रह रहे हैं। तरलोचन सिंह की पत्नी बलविंदर कौर अपने बेटे जगदेव सिंह लाडी और बेटी सिमरन कौर के साथ रहती हैं। जगदेव सिंह लाडी की दो माह पहले ही शादी हुई थी।
लाडी अपने बुलेट से सोमवार को जंडियाला गुरु स्थित जिम पर गया था। लाडी के साथ उसका दोस्त सुखराज सिंह भी था। जिम से लौटते समय थाना वैरोवाल की हदबंदी में गांव एकल गड्डा के पास तीन लोगों ने डबल बैरल राइफल से गोली चलाते हुए उन्हें रुकने का इशारा किया। जगदेव ने बाइक रोकी ही थी कि 32 बोर के पिस्टल से युवकों ने दो गोलियां दाग दीं।
गंभीर हालत में जगदेव को तुरंत अमृतसर के निजी अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने बताया कि मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।