फरीदकोट में मृतक महिकप्रीत के घर गमगीन दादी बलजीत कौर व चाचा हरमीत सिंह।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के फरीदकोट के रहने वाले 18 वर्षीय नौजवान महिकप्रीत सिंह सेठी की कनाडा के सरी क्षेत्र में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिवार ने कनाडा सरकार से इंसाफ की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार महिकप्रीत सिंह अपने माता-पिता व भाई-बहन के साथ पिछले कुछ साल से कनाडा में रहता है और पूरे परिवार के पास कनाडा की पीआर है। न्यू कैंट रोड पर रह रहे उनके परिवार के मुताबिक घटना वाले दिन 23 नवंबर को सरी क्षेत्र के एक स्कूल की पार्किंग में महिकप्रीत सिंह की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।
बताया जा रहा है कि इस घटना का मुख्य आरोपी महज 17 साल का है, जिसे पुलिस ने काबू भी कर लिया है। मृतक की दादी बलजीत कौर ने बताया कि उनका बेटा हरप्रीत सिंह अपनी पत्नी सीमा व बच्चों के साथ इन दिनों कनाडा में रह रहा था और इस घटना ने उनके परिवार पर कहर बरपा दिया है और उनकी आयु कम कर दी है।
उन्होंने कनाडा सरकार से इंसाफ की गुहार लगाई और कहा कि अब तक उनके बेटे व पुत्रवधू को मृतक बेटे की लाश भी नहीं दिखाई गई है और न ही जानकारी दी गई है कि आखिरकार महिक को किस जगह चाकू लगा है। उन्होंने नौजवानों से अपनी मुश्किलों के बारे में अपने अभिभावकों से सलाह जरूर करने का आह्वान किया है ताकि वह किसी तरह की मुसीबत में फंसने से बच सकें। चाचा हरमीत सिंह ने बताया कि कनाडा सरकार ने महिक के अंतिम संस्कार के लिए पांच दिसंबर का दिन तय किया था लेकिन उस दिन उनके छोटे भतीजे का जन्मदिन है। अब परिवार ने चार दिसंबर की तारीख ली है।