सरहिंद फीडर से सटी बाबा खेतरपाल की दरगाह समीप बैठे नवयुवकों की टोली पर दबिश देने पहुंची एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम के डर से एक नवयुवक ने नहर में छलांग लगा दी। युवक की पहचान दशमेश नगर निवासी सतविंदर सिंह (26) के रूप में हुई है। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है।
इस मामले में सतविंदर के परिजनों ने दो पुलिस कर्मियों पर जबरन नहर में धक्का देने के आरोप लगाए हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया है। पूर्व सैनिक दिवगंत गुरमेल सिंह का बेटा सतविंदर सिंह हैप्पी अपने कुछ दोस्तों के साथ शनिवार शाम बाबा खेतरपाल की दरगाह समीप बैठा हुआ था।
इस दौरान एंटी नारकोटिक्स सेल की एक टीम ने यहां पर दबिश दी। टीम में शामिल दो हवलदारों ने नशा होने की आशंका से युवकों की तलाशी लेनी शुरू कर दी।
पुलिस कार्रवाई से घबराकर उठाया कदम
पुलिस की कार्रवाई से घबराए सतविंदर सिंह ने वहां से गुजरती सरहिंद फीडर में छलांग लगा दी। इसके बाद सतविंदर सिंह ने नहर से निकलने का भी प्रयास भी किया, लेकिन पानी के तेज बहाव से वह डुब गया।
इस मामले में नवयुवक के परिजनों ने पुलिस कर्मियों पर सतविंदर सिंह को जबरन नहर में धक्का देने के आरोप लगाए हैं। सतविंदर के भाई वरिंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि पुलिस कर्मियों ने पहले उसके भाई को बुरी तरह पीटा और बाद में उसे उठाकर नहर में फेंक दिया।
पुलिस का कहना है कि सतविंदर सिंह पर पहले भी चोरी, झपटमारी के कुछ मामले दर्ज थे। अब पुलिस को उस पर नशा तस्करी करने का शक था। इस आशंका के चलते मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखते ही वह नहर में कूद गया।
एसएसपी सुखदेव सिंह काहलों ने कहा कि अभी तक नवयुवक को धक्का देने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है, लेकिन परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच करवाई जा रही है।
घर में मातम का माहौल
पुलिस के डर से नहर में कूदे सतविंदर सिंह के घर में मातम का माहौल है। सतविंदर की पत्नी अमनदीप कौर, बेटे किरनदीप सिंह (3) व मां चरनजीत सिंह का भी रो-रो कर बुरा हाल हो चुका है।
घर में मौजूद उसके मामा हरचरण सिंह व निर्भय सिंह ने बताया कि उनके भांजे सतविंदर सिंह ने सभी बुरी आदतें त्याग दी थी। इन दिनों वह मजदूरी करके अपना परिवार पाल रहा था।
कुछ समय पहले पुलिस ने उस पर चोरी का एक झूठा केस दर्ज किया था, जबकि उस दिन वह दिल्ली में आयोजित एक धार्मिक समागम में भाग लेने गया हुआ था। इस मामले में परिजनों ने आला पुलिस अधिकारियों से आरोपी पुलिस कर्मियों कार्रवाई की मांग की है।