ईस्सापुर सड़क पर स्थित रेलवे फाटक पर रविवार रात को 11.30 बजे दर्दनाक हादसा हुआ। राम मंदिर के पास बंद फाटक में से मोटरसाइकिल ले जाते समय एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया।
सोनू (23) पुत्र गुड्डू निवासी गांव डेरा जगाधरी बीयर फैक्टरी में बतौर हेल्पर कार्यरत था। रात के करीब साढ़े 11 बजे वह डेराबस्सी से अपनी बाइक पर चाचा के लड़के लक्की के साथ गांव जा रहा था।
जब वह राम मंदिर के पास पहुंचा, तो आगे फाटक बंद था। फाटक पर ट्रेन के निकलने का इंतजार करने की जगह उसने फाटक के नीचे से मोटरसाइकिल निकालने की कोशिश की। फाटक के दोनों ओर काफी लोग खड़े थे। जब वह मोटरसाइकिल फाटक के नीचे से निकालने लगा तो मौके पर मौजूद लोगों ने उसे कोशिश की, लेकिन उसने किसी की एक न सुनी।
लक्की डरकर पीछे ही रुक गया, लेकिन जब सोनू रेलवे लाइन क्रास करने लगा तो कालका-अंबाला पेसेंजर ट्रेन आ गई और उसने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सोनू के चथड़े उड़ गए। हादसा देखकर डर के मारे लक्की मौके से फरार हो गया।
मौके पर मौजूद गांव डेरा जगाधरी के लोगों ने बताया कि सोनू अभी कुवांरा था। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच कर रही थी।