विजिलेंस ने सिक्योरिटी मुहैया कराने वाले ठेकेदार से 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक्सईएन और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अकाउंटेंट मौके से फरार हो गया। उन्हें सेक्टर-20 पंचकूला स्थित ठेकेदार के कार्यालय के पास सेे काबू किया गया।
आरोप है कि ताऊ देवीलाल यूनिवर्सिटी सिरसा के एक्सईएन और अकाउंटेंट ने सिक्योरिटी सर्विस देने वाले एजेंसी संचालक की 25 लाख रुपये की पेमेंट पास करने के एवज में यह रिश्वत ली थी। दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी, लेकिन 75 हजार में सौदा तय हुआ था।
जानकारी के अनुसार, हरीश कुमार का ताऊ देवी लाल यूनिवसिर्टी सिरसा में सिक्योरिटी सर्विस का काम है। वह पिछले काफी समय से यूनिवसिर्टी में सिक्योरिटी सेवा दे रहे हैं और करीब 25 लाख रुपये की पेमेंट यूनिवसिर्टी में अटकी पड़ी है। हरीश का सेक्टर-20 पंचकूला में कार्यालय है।
उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी के एक्सईएन सतीश कुमार विज और अकाउंटेंट प्रदीप कुमार ने पेमेंट पास करने के नाम पर दो लाख रुपये की रिश्वत की मांगी। लगातार बढ़ती मांग से तंग आकर उन्होंने विजिलेंस से शिकायत की।
विजिलेंस ने हरीश कुमार की शिकायत पर एक टीम का गठन किया। इसके बाद हरीश ने सतीश विज व प्रदीप कुमार से 75 हजार रुपये में सेटिंग की और उन्हें अपने सेक्टर 20 स्थित आफिस के बाहर बुलाया। यहां हरीश ने उन्हें गाड़ी में 75 हजार रुपये दिए और विजिलेंस ने एक्सईएन सतीश कुमार व ड्राइवर अरविंद को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अकाउंटेंट प्रदीप कुमार मौके से फरार हो गया।