बड़हलगंज कस्बे के तीहा मोहम्मदपुर गांव में दलित परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह मां, बेटी और नाती की लाश बरामदे में एक ही चारपाई पर मिली।
पति से विवाद होने के बाद बेटी अपने 12 वर्षीय पुत्र के साथ मायके में रह रही थी। हत्या के पीछे संबंधों का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने महिला का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है।
गांव के बाहर दलित बस्ती में केसरी देवी (50 वर्षीय) बेटी सीमा (30 वर्ष) और नाती लालू के साथ रहती थीं। सोमवार की सुबह छह बजे गांव के लोगों ने घर के बरामदे में चारपाई पर तीनों की लाश पड़ी देखी।
गोली मारकर इनकी हत्या की गई थी। ग्राम प्रधान काशी राय ने घटना की जानकारी बड़हलगंज थाने के साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
स्थानीय पुलिस के साथ ही मौके पर आईजी (जोन) एसके माथुर समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कमरे में मिले सीमा के मोबाइल फोन की जांच करने पर पता चला कि रात 12 बजे किसी का उसके पास फोन आया था।
पुलिस हत्या का कारण संबंधों का विवाद बता रही है। केसरी के पति रामआसरे की मौत 15 साल पहले हो चुकी है। उसकी दो बेटियां और दो बेटे थे।
सीमा की शादी देवरिया निवासी दीपचंद से हुई थी। पति से विवाद होने के बाद वह 10 साल से बेटे लालू के साथ मायके में रहती थी।