सेक्टर-17 के आभूषण की दुकान में एक महिला ग्राहक बनकर आई और नकली अंगूठी रखकर असली लेकर फरार हो गई। दुकानदार को इसकी जानकारी महिला के दुकान से जाने के बाद हुई।
पुलिस के अनुसार महिला की तस्वीर सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई है। मालूम हो कि इससे पहले भी दो बार इस तरह की वारदातें हो चुकी हैं।
सेक्टर-17 में शिवा ज्वेलर्स संचालक रजनीश वर्मा ने पुलिस को बताया कि पिछली 7 मार्च को एक महिला उनकी दुकान में आई थीं।
इस दौरान उसने उनके वहां काम करने वाले युवक को डायमंड रिंग दिखाने के लिए कहां, जब युवक ने उसे ट्रे सहित रिंग दिखाई तो शातिर महिला ने उसे ट्रे में नकली रिंग को रखकर उसमें से असली रिंग को चोरी कर लिया।
चोरी करते ही दुकान से बाहर यह कहते हुए चली गई कि उसके किसी साथी का फोन आया है वह दोबारा आकर रिंग ले जाएगी। उसके जाने के काफी समय बाद जब ट्रे में से रिंग को निकाल कर देखा गया तो वह रिंग नकली थी।
दुकान के मलिक ने इस बात की सूचना पुलिस को दी पुलिस ने उसकी शिकायत पर जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया हैं।
रजनीश वर्मा का कहना है कि यह वही महिला थी जिसने कुछ समय पहले सेक्टर-17 में सोसायटी ज्वेलर के वहां इस तरह की ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
इससे पहले वह सेक्टर-22 में एक ज्वेलर के वहां इसी तरह चोरी की वारदात को अंजाम दे चूकी है। सेक्टर-17 पुलिस थाना प्रभारी दिलशेर चंदेल का कहना है कि जांच के बाद मामला दर्ज किया गया है। उनका कहना है कि आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी जाएगी।
रेकी के बाद करती है वारदात
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला पहले वहां की दुकानों की रेकी करती एवं अन्य से कराती है और यह पता करने का प्रयास करती है कि दुकान में किसी तरह की डायमंड रिंग मिलती है। वह उसी तरह की डायमंड रिंग बनाकर मौके की तलाश में रहती है और चोरी कर फरार हो जाती है। वर्मा के अनुसार पुलिस ने दुकान से फुटेज हासिल कर लिया है। उसमें महिला साफ दिखाई दे रही है।