गांधी नगर रेलवे फाटक के पास एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रवासियों से मृतका के बारे पूछताछ की लेकिन किसी ने पहचान नहीं की। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रख दिया है।
गुरुवार दोपहर लखनऊ से चलकर चंडीगढ़ जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस के आगे एक महिला ने कूद गई। हादसे की सूचना ट्रेन चालक ने जगाधरी वर्कशॉप रेलवे स्टेशन मास्टर को दी। जिसकी सूचना उन्होंने थाना जगाधरी रेलवे पुलिस को दी।
मामले के जांच अधिकारी जसविंद्र सिंह ने बताया कि ट्रेन चालक के बताया कि जगाधरी रेलवे स्टेशन से दोपहर करीब सवा एक ट्रेन अंबाला की ओर रवाना हुई थी। जब वह गांधीनगर रेलवे फाटक से थोड़ा आगे पहुंचा तो वहां खड़ी महिला ट्रेन के आगे कूद गई।
जांच अधिकारी एएसआई जसविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि एक महिला जिसकी उम्र लगभग 35 वर्ष, कद करीब पांच-सवा पांच फीट, औसतन बदन और उसने सफेद फूल छाप मेहंदी रंग का सूट पहना हुआ था।
महिला के पैरों में चांदी की पंजेब थी, का शव जोगिंद्र नगर के पास रेलवे लाइन पर पड़ा था। महिला के पास न तो पहचान संबंधी कोई दस्तावेज मिला और न ही कोई सुसाइड नोट मिला है।
आसपास की कॉलोनियों में महिला के बारे पूछताछ की। लेकिन किसी ने शिनाख्त नहीं की। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। मामले की जांच जारी है।