नशे के लिए एक युवती ने अपने ही प्रेमी का अपहरण कर लिया। इतना ही नहीं उसने प्रेमी के परिजनों से एक करोड़ की फिरौती भी मांगी। अपहरण का यह सनसनीखेज मामला पंजाब के बठिंडा से आया है। जिले की एक युवती ने अपने चार साथी युवकों के साथ मिलकर फतेहाबाद के व्यापारी के बेटे को अगवा कर लिया और फिर उसके परिवार से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। बाद में मामला दस लाख रुपये में तय हो गया।
आरोपी युवती अर्पण निवासी गांव संगत कलां, लखवीर सिंह और गुरमीत सिंह निवासी फतेहाबाद शुक्रवार को युवक के परिजनों से फिरौती की रकम लेने पहुंचे तो उन्हें सिरसा के डिंग थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जेल में नशा न मिलने के कारण युवती की हालत गंभीर होने पर उसे शुक्रवार देर शाम सिरसा के सरकारी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवा दिया गया।