हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो ने रिश्वत लेकर बिल पास कराने के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। इस मामले में पंचकूला में कौशल विकास निगम मिशन के पास से दिल्ली के विकासपुरी निवासी पूनम चोपड़ा को तीन लाख रुपये की रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में एसीबी ने हरियाणा कौशल विकास मिशन के आयुक्त आईएएस विजय दहिया, मिशन के चीफ स्किल ऑफिसर दीपक शर्मा और पूनम चोपड़ा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गुरुवार देर रात तक आईएएस से एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने पूछताछ की है। शुक्रवार को एसीबी की टीम ने महिला को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में एसीबी ने गुरुवार देर रात तक आईएएस अधिकारी विजय दहिया से पूछताछ की। हालांकि, उन्होंने महिला से किसी भी प्रकार का लिंक होने से इन्कार कर दिया।
फतेहाबाद निवासी रिंकू मनचंदा ने एसीबी को बताया कि वह ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब बच्चों को स्किल ट्रेनिंग देने के लिए 10 साल से सेंटर चलाता है। इसके बदले कौशल विकास निगम से उसका करीब 50 लाख रुपये का बिल लंबित था। तीन साल से बिल पास नहीं हुए तो वह सीएसओ दीपक शर्मा से मिला। उन्होंने पूनम चोपड़ा से मिलने को कहा और बताया कि वह आईएएस अधिकारी की जानकार है। जल्दी आपका काम करा देगी। पूनम ने बिल पास कराने के एवज में रिंकू से पांच लाख रुपये की मांग की। रिंकू ने पहले दो लाख रुपये दिए और बाद में वह तीन लाख और मांग रही थी। इस पर रिंकू ने एसीबी को सूचना दी। रिंकू का दावा है कि उसके पास रिश्वत मांगने की रिकार्डिंग भी है।
दिल्ली से पंचकूला आई थी रिश्वत की रकम लेने
महिला के दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में स्किल सेंटर हैं। उसके सिलसिले में उसका पंचकूला सहित हरियाणा के अन्य जिलों में आना जाना लगा रहता है। पंचकूला सेक्टर-3 में बकाया तीन लाख रुपये लेने की डील हुई। इसकी फोन रिकॉर्डिंग शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी। ब्यूरो ने ट्रैप लगाया और प्लानिंग कर तीन लाख रुपये लेकर रंगे हाथ महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला दिल्ली से पंचकूला रिश्वत के पैसे ही लेने आई थी।