इंग्लैंड से लौटे एक एनआरआई को उसकी ही पत्नी ने साथियों के साथ मिलकर अगवा कर लिया। महिला ने पति को अपने घर में बंधक बना रखा और मारपीट भी की। मामला पंजाब के लुधियाना की है। आरोपी महिला ने रिश्ता खत्म करने के लिए पति को 15 लाख रुपये में मना लिया। वह फव्वारा चौक के पास स्थित एसबीआई की एनआरआई ब्रांच में पैसे निकलवाने आ पहुंचे। मामले की सूचना मिलने पर थाना डिविजन आठ के एसएचओ सब इंस्पेक्टर मोहन लाल बैंक पहुंचे तो आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने इंडस्ट्री एरिया बी के रहने वाले एनआरआई प्रितपाल सिंह पलाह की शिकायत पर जालंधर के गांव ढकोहा निवासी उसकी पत्नी रजनी शर्मा, पवन बब्बू उर्फ बब्लू, गुरप्रीत सिंह और रजनी शर्मा की मां के खिलाफ अपहरण, धोखाधड़ी समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रितपाल सिंह की शिकायत के मुताबिक उसकी पहले भी शादी हो चुकी है और तलाक हो चुका है।