डेढ़ करोड़ की रेंजरोवर गाड़ी पर वीआईपी नंबर दिलाने के नाम पर मनीमाजरा के एक व्यापारी से एक दलाल ने 15 लाख की धोखाधड़ी की।
सेक्टर-17 थाना पुलिस ने सेक्टर-21 के कुलदीप सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा-420 के तहत मामला दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक क्राइम ब्रांच आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी।
मनीमाजरा निवासी व्यापारी संजय कालड़ा ने पिछले वर्ष दिसंबर में रेंजरोवर खरीदी थी। उन्होंने गाड़ी पर वीआईपी नंबर के लिए कुलदीप को 15 लाख रुपये चैक से दिए थे।
पैसे लेने के बावजूद कुलदीप ने न तो नंबर दिलवाया और न ही पैसे लौटाए। इस पर संजय कालड़ा ने ई-मेल के जरिए पुलिस को शिकायत भेजी। पुलिस के अनुसार आरोपी का पता भी फर्जी निकला। सेक्टर-17 पुलिस थाना प्रभारी दिलशेर चंदेल का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है।
पहले भी हुई ठगी
इससे पहले भी नई ऑडी और इनोवा का रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए दो दलालों ने सेक्टर-40 बी निवासी सुरेंद्र बंसल से चार लाख 70 हजार रुपये ठग चुके हैं। सेक्टर-36 पुलिस ने इस मामले में आरोपी ढकौली निवासी महेश कपूर और जगसीर सिंह के खिलाफ पिछले 2 अगस्त को मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था, जिसके बाद आरएलएल ने दलालों पर लगाम लगाने के लिए कई प्रस्ताव तैयार किए।