कंवाली गांव में शोहदों की छेडख़ानी की शिकार एक छात्रा को स्कूल छोड़कर घर बैठना पड़ा। यही नहीं विरोध करने पहुंची छात्रा की मां को भी युवकों ने पीटा। शिकायत पर डहीना पुलिस ने भी पहले कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते महिला को बेटी को घर बैठाने का फैसला लेना पड़ा।
मामला 15 अक्तूबर का है। हालांकि एक फुटेज हाथ आने और मामला बढ़ता देख पुलिस ने एक नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी जानकारी में महिला ने बताया कि उसके गांव के ही कुछ युवक उसकी बेटी को स्कूल जाते समय आए दिन छेड़ते थे।
बेटी ने घर आकर बताया तो वह युवकों को मना करने पहुंची। लेकिन उन्होंने उसे भी पीटा। उसने पहले ग्राम पंचायत और बाद में पुलिस से शिकायत की, सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर बेटी की सलामती के लिए उसे स्कूल छुड़वाने के लिए मजबूर होना पड़ा। सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की हरकत सामने आने के बाद पुलिस ने गांव के ही विशाल व अन्य के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है।