बहू से परेशान बुजुर्ग दंपति ने पहले दवा पीकर खुदकुशी का प्रयास किया असर नहीं होने पर नगर में लगाई छलांग। मामला पंजाब के फिरोजपुर का है। बुजुर्ग दंपति ने झोक हरिहर के पास से गुजरती नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया, लेकिन खेतों में कामकाज कर रहे ग्रामीणों ने दोनों को बचा लिया। दंपति पानी के तेज बहाव में नहर लगभग तीन सौ फुट दूर तक जा चुके थे।
बताया जा रहा है कि उक्त दंपति ने सोमवार रात को भी खुदकुशी करने के लिए दवा पी थी, लेकिन दवा का कोई असर नहीं हुआ तो खुदकुशी करने के लिए मंगलवार सुबह उन्होंने नहर में छलांग लगा दी।
बुजुर्ग बलबीर सिंह (65) और जीतो (62) वासी गांव झुग्गे केयर सिंह वाला ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं।
दो बेटे अलग रहते हैं और वे दोनों सबसे छोटे बेटे भोला के पास रहते थे। लेकिन भोला की पत्नी दंपति को तंग करती थी। इस कारण दोनों बहुत परेशान थे। दंपति ने दवा पीकर खुदकुशी की योजना बनाई। सोमवार रात को दोनों ने जहरीली समझकर कोई दवा पी ली, लेकिन दोनों को कुछ नहीं हुआ तो दोनों ने सुबह उठकर नहर में छलांग लगा दी।
नहर के आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दोनों को देख लिया। ग्रामीणों ने नहर में से दोनों को बचा लिया। उसके बाद दोनों को थाना कुलगढ़ी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। गांव झुग्गे केयर सिंह वाला की पंचायत के साथ छोटा बेटा भोला व उसकी पत्नी थाना कुलगढ़ी पहुंचे। बेटा और बहू ने सास-ससुर से माफी मांगी और पंचायत ने उनका राजीनामा करवाया। जब बलबीर सिंह व जीतो से बेटे व बहू के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने संबंधी पूछा तो उन्होंने इनकार कर दिया।