चंडीगढ़ के सेक्टर 22 में होटल के बाहर जालसाज कार के पास 10- 10 रुपये के नोट फेंक कर युवती का पर्स चुरा ले गए। जानकारी के अनुसार पंचकूला निवासी पूजा ने सेक्टर 17 पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार को वह किसी काम से सेक्टर 22 में आई थी।
उसने अपनी मारुति कार अरोमा होटल सेक्टर 22 के पास खड़ी कर दी। काम खत्म कर जब वापस आकर गाड़ी में बैठने लगी तभी एक युवक उसके पास आया। युवक ने गाड़ी के नीचे दस दस के नोट गिरे होने की बात बताई। जब वह गाड़ी से नीचे उतरकर नोट देखने लगी तो इतने में उसके दूसरे साथी ने कार के भीतर से पर्स चुरा लिया और फरार हो गया। जब वह कार में बैठी तो पाया कि उसका पर्स नहीं था। नोट गिरने की जानकारी देने वाला युवक भी वहां से फरार हो चुका था। पीड़ित ने बताया कि पर्स में दो सोने की अंगूठियां, एक हजार रुपये नगद, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी कागजात थे।
युवती ने 100 नंबर पर फोन कर चोरी की सूचना दी। मौके पर सेक्टर 17 पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने युवती के बयानों आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।