सड़क हादसे में पूर्व सरपंच समेत दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच लोग जख्मी हो गए हैं। सभी घायलों को फिरोजपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया है। संबंधित थाना पुलिस ने रविवार को आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
जीरा स्थित खोसा दल सिंह पुलिस चौकी के एएसआई सुखचैन सिंह ने बताया कि गांव वाड़ा पोहवा के पूर्व सरपंच चमकौर सिंह कार में अपने साथियों के साथ जीरा से फिरोजपुर जा रहे थे। जैसे ही खोसा दल सिंह पुलिस चौकी के पास पहुंचा तभी किसी कार ने टक्कर मार दी।
हादसे में सरपंच चमकौर सिंह की मौत हो गई, जबकि पांच लोग जख्मी हो गए। घायलों को फिरोजपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया है। एएसआई ने कहा कि पोस्टमार्टम के लिए शव जीरा के सरकारी अस्पताल पहुंचा दिया है। उधर, पीड़ित अविनाश सिंह निवासी त्रिपाल (जलालाबाद) ने पुलिस को बताया कि उसका भतीजा गुरसिमरनजीत सिंह बाइक पर बाजार कामकाज से गया था। वहां से घर लौट रहा था। गांव त्रिपाल के पास किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। उसके भतीजे के सिर पर गहरी चोट लगी। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उसकी मौत हो गई।
उधर, उक्त हादसे की तफ्तीश कर रहे थाना अमीर खास के एएसआई सुरजीत सिंह के मुताबिक पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। अविनाश के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।