जिले के दो गांवों में सोमवार रात करंट लगने से दो बच्चों की मौत हो गई। इसके बाद गांवों में मातम छा गया। विधानसभा हलका खेमकरन के गांव सुरसिंह में नवजोत सिंह लाडी का 10 माह का बेटा गुरकीरत सिंह रात को सोते समय चारपाई से गिर पड़ा।
इसके बाद जमीन पर लगे कूलर की ओर चला गया। कूलर से बिजली का करंट लगने के कारण मासूम की मौके पर मौत हो गई। सुबह उठकर परिजनों ने देखा कि बच्चा कूलर के पास मृत पड़ा था। इसी तरह पट्टी शहर के मोहल्ला चट्ठू निवासी सुखचैन सिंह की 11 वर्ष की बेटी जतिंदर कौर की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई।
सुखचैन सिंह ने बताया कि रात को सोते समय बिजली बंद हो गई। कुछ देर बाद जब बिजली आई तो पंखा नहीं चला। जतिंदर कौर पंखा चलाने के लिए तारें लगा रही थी कि करंट का जोरदार झटका लगा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार ने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया। एक ही रात में बिजली के करंट से दो लड़कियों की मौत से गांवों में मातम पसर गया।
मृतकों के परिजनों से विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर, हरमिंदर सिंह गिल, पूर्व मंत्री गुरचेत सिंह भुल्लर, पूर्व सीपीएस प्रो. विरसा सिंह वल्टोहा, एसजीपीसी मेंबर खुशविंदर सिंह भाटिया, खुशविंदर सिंह सिद्धू ने दुख व्यक्त किया है।