चंडीगढ़ सेक्टर-8 मध्यमार्ग पर एक आईटी कंपनी में आए दो युवक कंपनी के मालिक की ऑडी कार ले उड़े। कार में एप्पल का लैपटॉप और 50 हजार रुपये नगदी थी। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि सेक्टर-8 सिंधी स्वीट्स के पास ऑडी कार छीन ली गई। इसके बाद हड़कंप मच गया। सेक्टर-3 थाना प्रभारी नीरज सरना अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कंपनी मालिक का बयान दर्ज किया। अंबाला शहर निवासी गुरजोत सिंह ने बताया कि उनकी सेक्टर-8 में अलोरा आईटी सॉल्यूशन नाम से आईटी कंपनी है।
वह अपने दफ्तर में बैठे थे। इसी बीच उनके दफ्तर में अंबाला निवासी दो युवक अंग्रेज और तेजवीर आए, जो उनके दफ्तर में काउंटर पर रखी कार की चाबी को लेकर थोड़ी देर बाद वहां से चले गए। इसी दौरान पता चला कि दोनों युवक उनकी ऑडी कार (सीएच 01 एआर 1899) अपने साथ लेकर चले गए। दोनों युवकों को फोन करने पर उन्होंने धमकी देना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि अब कार वापस नहीं मिलेगी। गुरजोत सिंह के अनुसार कार में 50 हजार नगदी, एप्पल का लैपटॉप और अन्य जरूरी सामान था।
युवकों से चली आ रही थी रंजिश
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि गुरजोत सिंह का युवकों के साथ प्रॉपटी संपित्त विवाद चला आ रहा था। गुरजोत के मुताबिक दोनों युवक अंबाला में ही रहते हैं। रंजिशन ऐसा कदम उठाया है। हालांकि, पुलिस ने नाकेबंदी कर दी ताकि आरोपियों को पकड़ा जा सके।
कार बरामद करने के लिए टीम रवाना
पुलिस ने टीम गठित कर अंबाला रवाना कर दिया है। पुलिस युवकों के मोबाइल नंबर ट्रेस करने में जुटी हुई है ताकि आरोपियों के लोकेशन के बारे में पता चल सके। पुलिस का कहना है कि जल्द जल्द से वारदात को सुलझा लिया जाएगा।