एआआईजी रछपाल सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मिंटू जो नशा तस्करी के मामले में फिरोजपुर जेल में बंद था। इस दौरान ही इसकी जान-पहचान फिरोजपुर जेल में बंद एक अन्य आरोपी सुखजिंदर सिंह निवासी रुकनशाह वाला, थाना मल्लांवाला जिला फिरोजपुर के साथ हुई।
उन्होंने बताया कि आरोपी सुखजिंदर सिंह जेल से फोन का इस्तेमाल कर तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। मिंटू के जेल से बाहर आने के बाद भी सुखजिंदर सिंह से संपर्क बना रहा और तीनों ने मिलकर नशे की खेप मंगवाई थी। दोनों की गिरफ्तारी के बाद सुखजिंदर के पास जेल में मोबाइल फोन होने की जानकारी फिरोजपुर जेल के अधीक्षक को दी गई। इसके बाद जेल अधिकारियों ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर केस दर्ज करवा दिया। फिरोजपुर जेल में बंद सुखजिंदर सिंह को भी जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर यहां लाकर पूछताछ की जाएगी।
10 दिन में तोड़ा जेल का दूसरा नेक्सस
एसटीएफ के एआईजी रछपाल सिंह और डीएसपी सिकंदर सिंह ने बताया कि बार्डर रेंज ने पिछले 10 दिन में जेल से संचालित दूसरा नेक्सस तोड़ा है। इससे पहले काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) ने गोइंदवाल सब-जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार जसकरण सिंह की निशानदेही पर तरनतारन-फिरोजपुर रोड पर स्थित गांव पिद्दी में छिपाकर रखे पांच चीन निर्मित पिस्तौल और खेमकरण से गिरफ्तार इसके साथी रतनबीर सिंह की निशानदेही पर गांव माच्छीके में छिपाकर रखी पांच अमेरिका निर्मित पिस्तौल बरामद की थी। वहीं अमृतसर देहात पुलिस ने तरनतारन के योगराज सिंह उर्फ योग नामक तस्कर से एक टिफिन बम (आइईडी) दो एके-56, एक पिस्तौल, मैगजीन, 36 कारतूस, दो किलो हेरोइन, एक लाख की भारतीय करंसी और कार भी बरामद कर चुकी है।