ट्राले ने हाइवे पर पांच वाहनों को टक्कर मारी, एक की मौत
हरियाणा के चरखी दादरी में एक ट्राले ने बस और कार समेत 5 वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक नौजवान की मौत हो गई। जबकि 22 लोग गंभीर घायल हो गए।
गंभीर घायल लोगों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। हादसा दादरी-दिल्ली रोड पर गांव समसपुर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्राले ने पहले बस को टक्कर मारी। उसके बाद दो ट्रैक्टरों का ठोका और कार में जा भिड़ा।
टक्कर लगते ही हाइवे पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग बचाव करने को दौड़े आए। बचाव अभियान चलाते हुए लोगों ने बस और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। ट्रैक्टर के नीचे दबे एक व्यक्ति की मौत हो गई।
तेज रफ्तार बताया जा रहा हादसे का कारण
ट्राले ने हाइवे पर पांच वाहनों को टक्कर मारी, एक की मौत
घायल 22 लोगों को चरखी दादरी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। दादरी सदर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायलों ने एसएचओ जगराम को बताया कि आज दोपहर बाद चरखी दादरी के पास एक ट्राला दिल्ली की ओर से आ रहा था। समसपुर के पास इस तेज रफ्तार ट्रक ने दिल्ली की ओर जा रही एक बस को टक्कर मार दी।
इसके बाद उसने बस के पीछे आ रही कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। ट्राला की रफ्तार इतनी तेज थी कि इसने पीछे से आ रहे दो ट्रैक्टरों को भी टक्कर मारी और इसके बाद तीसरे ट्रैक्टर पर पलट गया।