प्रशासन के बागवानी विभाग के एसडीओ समेत तीन कर्मचारियों को सीबीआई ने सोमवार शाम सेक्टर-23 स्थित दफ्तर में पांच हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए एसडीओ की पहचान नवराज सिंह ढिल्लों, क्लर्क अश्वनी कुमार और कंप्यूटर आपरेटर राजू के रुप में हुई। सीबीआई ने रिश्वत के पांच हजार रुपये एसडीओ नवराज सिंह ढिल्लों से बरामद किए हैं। एसडीओ समेत तीनों लोग माली सप्लाई करने वाले ठेकेदार के बिल पास करने के नाम पर दो प्रतिशत कमीशन रिश्वत मांग रहे थे।
सीबीआई ने ठेकेदार सियाराम की शिकायत पर एसडीओ नवराज सिंह, क्लर्क अश्वनी कुमार और कंप्यूटर आपरेटर अश्वनी कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्जकर उनके घर में तलाशी शुरू कर दी है।
गौडसन सिक्योरिटी के ठेकेदार सियाराम ने सीबीआई को दी शिकायत में बताया कि वह बागवानी विभाग को माली सप्लाई करता था। माली सप्लाई करने के कारण उनका बिल एक लाख 75 हजार का बन गया था। बिल पास करवाने के लिए उन्होंने एसडीओ नवराज सिंह ढिल्लों से संपर्क किया था।
एसडीओ ने 90 हजार का बिल पास कर दिया, लेकिन बाकी 85 हजार के बिल की फाइल दबा दी। एसडीओ बिल पास करने के लिए बहाने बनाने लगा। इस दौरान क्लर्क अश्वनी कुमार और कंप्यूटर आपरेटर राजू ने ठेकेदार से बिल पास करवाने के लिए दो प्रतिशत (5200 रुपये) रिश्वत की मांग की।
ठेकेदार और एसडीओं के बीच पांच हजार रुपये में सौदा तय हुआ। ठेकेदार सियाराम ने सोमवार को एसडीओ को फोन कर रिश्वत देने की जगह के बारे में पूछा। एसडीओ ने पांच हजार रुपये लेकर सेक्टर 23 स्थित कार्यकारी अभियंता बागवानी के दफ्तर में बुलाया।
सीबीआई ने दफ्तर में ट्रैप लगा दिया और रंगे हाथ्ा तीनों को दबोच लिया। पांच हजार रिश्वत की रकम सीबीआई ने एसडीओ से बरामद की है। सीबीआई ने एसडीओ के दफ्तर से कई अहम रिकार्ड भी जब्त किया।