अबोहर-श्रीगंगानगर हाईवे पर बुधवार रात 10 बजे गांव गुमजाल के पास कैंटर की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। 12 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना खुईयां सरवर पुलिस ने तीनों के शवों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। घायलों का उपचार करवाया गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे गांव जंडवाला हनुवंता निवासी 40 वर्षीय भीमसैन अपने थ्री व्हीलर में श्रीगंगानगर से छह मजदूरों को लेकर वापस गांव तूतवाला आ रहा था। गांव गुमजाल के बस अड्डे के पास टेंपो का एक पहिया निकलने से वह सड़क के किनारे पलट गया और उसमें सवार 60 वर्षीय मजदूर करनैल सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह, बलविंदर सिंह पुत्र नानक सिंह, महेंद्र पुत्र भगवान सिंह, पाला सिंह पुत्र बलविंदर सिंह, कश्मीर सिंह पुत्र नानक सिह और फुम्मन सिंह नीचे गिरकर घायल हो गए। यह सभी लोग टेंपो से निकलकर सड़क के किनारे बैठ गए।
इसी दौरान बठिंडा से श्रीगंगानगर जा रहे कार सवार लवजीत पुत्र जगदीश कंबोज निवासी श्रीगंगानगर व कर्मजीत और लखविंदर ने वहां रुककर घायलों का हालचाल पूछा। उन्हें बोतलों से पानी पिलाने लगे। इसी समय श्रीगंगानगर की ओर से आ रहे कोरियर के पार्सल भरे कैंटर ने इनको चपेट में ले लिया। इससे टेंपो चालक भीमसैन के अलावा टेंपो सवार करनैल सिंह व उन्हें पानी पिला रहे कार चालक लवजीत सिंह की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्यों ने पुलिस के सहयोग से मृतक भीमसैन व करनैल समेत सभी घायलों को अबोहर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जबकि मृतक लवजीत को श्रीगंगानगर ले जाया गया। घटना के बाद से कैंटर चालक कैंटर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।