फेज-तीन ए स्थित पंजाब नेशनल बैंक में करीब 26 दिन पहले नकली एयर पिस्टल व चाकू के दम पर हुई 4.80 लाख रुपये लूट की वारदात को आर्थिक मंदी में चल रहे तीन हिस्ट्रीशीटरों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे लूटी गई रकम में से 3.15 लाख रुपये, नकली एयर पिस्टल, चाकू व वारदात में प्रयोग की गई स्कोडा कार बरामद हुई है।
आरोपियों की पहचान संदीप खुरमी उर्फ सन्नी मूल निवासी जिला नकोदर जालंधर व हाल निवासी सेक्टर-52 चंडीगढ़, सोनू निवासी सेक्टर-45 चंडीगढ़ व रवि कुठारी मूल निवासी जिला भिवानी हरियाणा व हाल निवासी मनीमाजरा के रूप में हई है। यह खुलासा रविवार को एसएसपी मोहाली कुलदीप सिंह चहल ने प्रेस कांफ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि जब कोरोना की वजह से लॉकडाउन हुआ था। उस समय संदीप खुरमी व सोनू अंबाला जेल में किसी केस में बंद थे। वहीं, पर दोनों की मुलाकात हुई थी।
नशे के आदी थे दो आरोपी
जमानत मिलने पर दोनों आरोपी जेल से बाहर आ गए। हालांकि दोनों नशा करने के आदी थी। लेकिन इनके पास इतने पैसे नहीं थे कि नशे का खर्च उठा सकें। इसके बाद उन्होंने बैंक लूटने की योजना बनाई। इसमें उन्होंने अपने साथी रवि कुठारी को शामिल कर लिया था। फिर ट्राइसिटी के कई बैंकों की निशानदेही की और फेज-तीन ए के बैंक को उन्होंने वारदात के लिए चुना।
इसके पीछे उनका तर्क था कि एक तो बैंक पर कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं होता है दूसरा यह महिला बैंक था, तीसरा दोपहर के समय इसमें कम ग्राहक होते हैं जबकि चौथा अहम कारण बैक की लोकेशन थी। क्योंकि यहां से वारदात को अंजाम देकर कहीं भी भागा जा सकता था। इसके बाद उन्होंने पूरी प्लानिंग से वारदात को अंजाम दिया था। जिक्रयोग है कि आरोपियों ने यह बैंक 17 जून को दोपहर के समय लूटा था। सारी वारदात दो मिनट में हुई थी। आरोपी कैमरे में कैद हो गए थे। इस मामले में करीब 20 लोगों को राउंडअप कर पूछताछ की थी।
दो ने वारदात को अंजाम दिया, तीसरा रख रहा था नजर
आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उन्होंने पूरी प्लानिंग से वारदात को अंजाम दिया था। संदीप व सोनू वारदात को अंजाम देने लिए बैंक में गए थे। जबकि रवि कुठारी ने बैंक से बाहर रहकर ही इनका इंतजार किया था। साथ ही सारी जानकारी वह उन्हें मुहैया करवाता रहा था। इनकी प्लानिंग इतनी जबरदस्त थी कि इन्होंने दो मिनट में बैंक लूट लिया था। इसके बाद वह अपनी कार में आसानी से फरार हो गए थे।
इस गलती से खुला आरोपियों का राज
जानकारी के मुुताबिक आरोपी ग्राहकों की तरह बैंक में घुसे थे। इस दौरान वह बैंक के दोनों कोनों में पहुंच गए थे। दोनों ने मास्क व दस्ताने पहने हुए थे। इसके बाद एक ने एयर पिस्टल व दूसरे चाकू निकाला। साथ ही कैशियर से कैश बैग में डालने को कहा। इस दौरान वह जब कैश लूट कर निकले थे तो उन्होंने बैंक स्टाफ को धमकी दी कि 10 मिनट से पहले कोई बाहर निकला तो उसे गोली मार देंगे। इसके बाद वह वहां से फरार हो गए थे। हालांकि सारी वारदात कैमरे में कैद हो गई थी। बैंक से भागते समय उनके मुंह से मास्क खुल गया था। इसी आधार पर पुलिस उन तक पहुंच गई थी।
तीनों आरोपी मैट्रिक पास, अपराध में मास्टर
पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपियों की उम्र 28 साल है। तीनों मैट्रिक पास हैं। हालांकि उन्होंने अपराध में मास्टरी की हुई थी। संदीप कुमार उर्फ सन्नी पर करीब 20 मामले दर्ज हैं। अधिकतर केस मोहाली और चंडीगढ़ में दर्ज हैं। इस पर लूट, हत्या व असलाह एक्ट के केस दर्ज हैं। यहां तक पुलिस कस्टडी से भागने जैसे गंभीर आरोप भी हैं। सोनू पर चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें स्नैचिंग, लूट व चोरी की वारदातें शामिल हैं। सारे केस पंचकूला में दर्ज हैं। इसी तरह रवि पर लूट, चोरी और स्नैचिंग के चार मामले चंडीगढ़ और पंचकूला में दर्ज हैं।