अपनी ही शादी का कार्ड बांटने जा रहे नौजवान के साथ एक अनहोनी हो गई। घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दरअसल, पंजाब के फरीदकोट जिले में बठिंडा अमृतसर नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक भयानक हादसे में एक नौजवान समेत तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान बठिंडा निवासी हरप्रीत सिंह, उसके दोस्त सतपाल सिंह और गांव पहलुवाला निवासी जसविंदर सिंह के रूप में हुई।
मृतकों में हरप्रीत सिंह की इसी माह 23 नवंबर को शादी होनी थी और वह अपनी शादी के ही कार्ड बांटने के लिए फरीदकोट जा रहा था। लेकिन वह रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। इस मामले में थाना सिटी पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट के गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बठिंडा निवासी हरप्रीत सिंह पुत्र मोहिंदर सिंह की 23 नवंबर को शादी होनी थी। अपने रिश्तेदारों को कार्ड देने के लिए वह अपने दो दोस्तों सतपाल सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह तथा जलंधर सिंह पुत्र जसकरण सिंह के साथ कार में सवार होकर फरीदकोट जा रहा था। सुबह करीब 11 बजे जब वह नेशनल हाईवे पर बाईपास के पास पहुंचे तो पुल चढ़ने से पहले ही उनकी गाड़ी की टक्कर आगे जा रही मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से हो गई।
गाड़ी तेज गति पर होने के कारण आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आगे की सीटों पर बैठे हरप्रीत सिंह व सतपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पिछली सीट पर बैठा जलंधर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज गति के कारण टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रैक्टर चालक जसविंदर सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह निवासी पहलुवाला नाम का व्यक्ति ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और अपनी ट्राली के टायर के नीचे आकर मारा गया।