विजिलेंस ब्यूरो जालंधर रेंज ने थाना सदर नकोदर के थाना प्रभारी के पद पर तैनात रहे सब इंस्पेक्टर बिस्मान सिंह, सीआईए जालंधर में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) रेशम सिंह और एक व्यक्ति सुरजीत सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि जिला रूपनगर के गांव रामपुर थोड़ा निवासी हरजिंदर कुमार की शिकायत पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हरजिंदर सिंह ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क कर आरोप लगाया था कि उक्त सब इंस्पेक्टर बिस्मान सिंह, जब वह थाना सदर नकोदर में एसएचओ था, ने उनके भाई को होशियारपुर से वाहन के साथ अपने ट्रक में चूरापोस्त की बरामदगी दिखाकर एक झूठे मामले में गिरफ्तार किया था। शिकायतकर्ता ने आगे कहा कि संबंधित एसएचओ बिस्मान सिंह को तत्कालीन एएसआई रेशम सिंह और एक व्यक्ति सुरजीत सिंह के माध्यम से श्रीनगर से अपने भाई और उसके ट्रक को छोड़ने के लिए किश्तों में एक लाख 10 हजार रुपये पहले ही मिल चुके थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी सब इंस्पेक्टर बेशक पुलिस लाइन जालंधर में शिफ्ट हो गया है लेकिन वह अपने दो बिचौलियों के माध्यम से इस मामले में उसकी मदद करने के लिए उससे और पैसे की मांग कर रहा है। विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने इस शिकायत के तथ्यों और प्राप्त साक्ष्यों की जांच के बाद उक्त एसआई बिस्मान सिंह, एएसआई रेशम सिंह और व्यक्ति सुरजीत सिंह को दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में सभी आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 7, 7-ए और आईपीसी की 120-बी के तहत विजिलेंस ब्यूरो थाना उड़न दस्ता-1 एसएएस नगर मोहाली में मामला दर्ज किया गया है और इस मामले की आगे की जांच जारी है।