एक फॉर्म में एमए, दो में बीकॉम, हरदीप पर पहले भी हुई है एफआईआर
नरेश ने फॉर्म में शिक्षा के कॉलम में दो अलग-अलग बातें लिखी हैं। एक फॉर्म में एमए इकॉनोमिक्स लिखा है, जबकि दूसरे फॉर्म में बीकॉम लिखा है। पुलिस के अनुसार नरेश को लग रहा था कि नाम के पहले अक्षर, पिता के नाम या अन्य पर्सनल जानकारी के आधार पर सेंटर बने तो उसकी और हरदीप की सीट आगे-पीछे हो सकती है। यह हुआ तो वह आसानी से हरदीप की मदद से एसआई की परीक्षा पास कर लेगा। जांच में पुलिस को पता चला है कि हरदीप के खिलाफ पहले भी केस दर्ज हुआ है। अब जांच का विषय है कि यह केस भर्ती संबंधी फर्जीवाडे़ में हुआ है या अन्य मामले में। वहीं इसमें रुपयों का लेनदेन हुआ है कि नहीं इसकी भी जांच कर रहे हैं।
नहीं रद्द होगी परीक्षा, 18 दिसंबर तय की गई
एसएसपी मनोज मीणा ने बताया कि लगातार सूचना दी जा रही है कि एसआई की परीक्षा रद्द होगी लेकिन यह स्पष्ट किया जा रहा है कि परीक्षा रद्द नहीं होगी। 18 दिसंबर को लिखित परीक्षा होगी। इसमें सुरक्षा के सभी इंतजाम होंगे। बायोमीट्रिक उपस्थिति होगी, इलेक्ट्रॉनिक आइटम बैन होंगे, औचक जांच होगी, परीक्षा केंद्र में जैमर लगेगा। विस्तृत जानकारी अभ्यर्थियों को दे दी जाएगी।
सभी फॉर्म गलत नहीं, जांच में दोषी मिलने पर होगी कार्रवाई
एसएसपी मनोज मीणा ने बताया कि एसआई भर्ती परीक्षा के लिए लगभग 17 हजार आवेदन आए हैं। ये सभी फॉर्म फर्जी नहीं हैं। जांच में मिला कि एक फॉर्म में एक अभ्यर्थी ने हस्ताक्षर की जगह फोटो लगा दिया और फोटो की जगह हस्ताक्षर कर दिए। गलती का अहसास होने पर उसने दूसरा फॉर्म भर दिया लेकिन जानकारी दोनों फॉर्म पर एक ही है, इसलिए सभी 122 लोगों को फर्जी कहना गलत होगा। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।