पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गेट नंबर 1 पर बलजीत सिंह खालसा नामक व्यक्ति गोली मारने की धमकी वाला पोस्टर लगा गया। पोस्टर लगाने वाले को न पकड़ने से वकीलों में भारी नाराजगी दिखी। बलजीत सिंह खालसा के नाम से गेट नंबर 1 पर चेतावनी भरा एक पोस्टर लगाया गया है, जिस पर लिखा है कि अगर कोई भी पुलिस कर्मी या वकील सार्वजनिक जगह पर सिगरेट पीता हुआ दिखा तो वह उसे गोली मार देगा।
पोस्टर पर लिखा गया है कि कानून की जानकारी रखने वाले ही कानून को सबसे ज्यादा तोड़ते हैं। पोस्टर को देख वकील भड़क गए और कहा कि कोई भी आकर ऐसे धमकी भरा पोस्टर लगा देगा और हाईकोर्ट में तैनात पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी रहेगी। पुलिस को इस बारे में जानकारी तक नहीं हुई। वकीलों के गुस्से के बाद सिक्योरिटी ने पोस्टर हटाया और वकीलों ने बलजीत सिंह पर एक्शन लेने की मांग की।
बलजीत सिंह खालसा ने के मुताबिक चंडीगढ़ और मोहाली की सभी कोर्ट में ये पोस्टर लगाया है। उसने कहा पंजाब में नशा फैलने का मुख्य कारण ही ये लोग हैं, जिनको कानून की सबसे ज्यादा समझ है फिर भी सार्वजनिक जगह पर धूम्रपान करके कानून को तोड़ते हैं।