रेल मंडल प्रबंधक फिरोजपुर को लश्कर-ए-तैयबा के एरिया कमांडर करीम अंसारी के नाम का फिरोजपुर छावनी रेलवे स्टेशन विस्फोट कर उड़ाने का धमकी भरा पत्र मिला।
रविवार को छावनी रेलवे स्टेशन से जाने वाली ट्रेनों की पंजाब पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी ने गहन चेकिंग की। यह पत्र एक दिन पहले डीआरएम के नाम पर आया था जिसे एसएसपी फिरोजपुर को भेजा गया। इस प्रकार के धमकी भरे पत्र दर्जनों की संख्या में पहले भी आ चुके हैं लेकिन पत्र भेजने वाला अभी तक पकड़ा नहीं गया है।
जीआरपी थाना के प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि रेल मंडल फिरोजपुर के प्रबंधक एनसी गोयल के नाम लश्कर-ए-तैयबा के ऐरिया कमांडर करीम अंसारी के नाम का धमकी भरा पत्र आया था। उसमें लिखा था कि 26 अक्तूबर को फिरोजपुर छावनी रेलवे स्टेशन को विस्फोट कर उड़ा दिया जाएगा।
पत्र हिंदी में लिखा गया था। पत्र में एरिया कमांडर जम्मू-कश्मीर (कराची-पाकिस्तान) लिखा था। कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए रविवार को छावनी रेलवे स्टेशन की पंजाब पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी पुलिस ने गहन चेकिंग की और यहां से चलने वाली हर ट्रेन को चेक किया।
खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई। एसएचओ विजय कुमार ने बताया कि ऐसे पत्र साल में चार-पांच बार आ चुके हैं। लेकिन अभी तक पत्र भेजने वाला उनकी पकड़ में नहीं आया है।