बीएसएफ की टीम ने पंजाब के फिरोजपुर/गुरदासपुर बॉर्डर पर 35 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की है। ये हेरोइन कंटीली तार के पास पड़ी एक बारह फुट लंबी चार इंच चौड़ी प्लास्टिक की पाइप से मिली है। घटना बीओपी मोमनपुर (गुरदासपुर सेक्टर) रविवार सुबह घटी।
डीआईजी एनके मिश्र ने बताया कि बीएसएफ की बटालियन 164 के जवान रविवार सुबह बीएसएफ पोस्ट मोमनपुर के पास गश्त कर रहे थे। उन्होंने कंटीली तार के पास बारह फुट लंबी और चार इंच चौड़ी प्लास्टिक की पाइप पड़ी देखी।
उक्त पाइप में हेरोइन के सात पैकेट थे। इस हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 35 करोड़ रुपये है। ये हेरोइन बार्डर पिल्लर नंबर-35/8 एस, आईबी के बीच में पड़ी थी।
डीआईजी मिश्र ने बताया कि सर्दी शुरू होने से बार्डर के खुले इलाके में धुंध पड़ना शुरू हो चुकी है। इसलिए बार्डर पर सभी जवानों को सतर्क रहने के आदेश दिए हैं ताकि तस्कर भारतीय सीमा में घुसपैठ न कर सकें। सरहद पर चौकसी होने के कारण पाकिस्तानी तस्कर पाइप समेत हेरोइन छोड़कर भाग गए।