बठिंडा में तांत्रिक की दुकान चला रहे गुरु चेला ने मोगा निवासी एक व्यक्ति से 22 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपी तांत्रिक गुरु, चेला के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
ठगी का शिकार हुआ व्यक्ति तथाकथित तांत्रिक से एक टीवी विज्ञापन के बाद मिला था। जोगा निवासी स्वर्ण सिंह ने एक टीवी चैनल से बठिंडा के अजमल खान नामी व्यक्ति का विज्ञापन देखा तो बठिंडा कचहरी परिसर के सामने दफ्तर खोला हुआ था। स्वर्ण सिंह ने जब उससे संपर्क किया तो उसने कहा कि उसके घर में सोने, चांदी का बड़ा खजाना है, जिस पर भूतों का पहरा लगा हुआ है।
उसने कहा कि उसका गुरु घर में जाकर खजाना निकालेगा। स्वर्ण सिंह को लगा कि वह खजाना मिलने के बाद वह अमीर हो जाएगा। तांत्रिक ने उसके सामने कई चमत्कार भी किए। कुछ दिनों के बाद अजमल खान व उसका गुरु जोगा में स्वर्ण सिंह के घर आए। वहां से उसने एक तस्वीर व 9 चांदी के सिक्के निकाल कर दिखाए।
उसने कहा कि वहां एक बहुत बड़ा खजाना है, पूरे खजाने को बाहर निकालने के लिए 11 लाख रुपये लगेंगे। स्वर्ण सिंह बातों में आ गया ओर उसने तांत्रिक को 11 लाख रुपये दिए। इसके बाद फिर आरोपियों ने उससे 11 लाख रुपये लिए।
इसके बाद वे फरार हो गए। स्वर्ण सिंह ने परेशान होकर जोगा पुलिस को शिकायत की। इसकी जांच के बाद पुलिस ने ठग तांत्रिक अजमल खान व उसके अज्ञात गुरु के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।