हाल ही में आतंकी हमले को झेले पंजाब के पठानकोट के रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग मिलने से सनसनी फैल गई। आनन फानन में सुरक्षा बलों ने प्लेटफार्म खाली करवा लिया और आसपास तलाशी शुरू कर दी।
बताया जाता है कि कुछ समय के लिए यहां रेल यातायात को रोक दिया गया। सुरक्षाबलों ने बम निरोधक दस्ते के साथ-साथ जांच के लिए डॉग स्वायड की टीम भी बुला लिया।
पठानकोट के एसएसपी आर के बक्शी के अनुसार रेलवे हाई अलर्ट पर है। लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि बाद में बैग में कपड़े बरामद हुए। बैग किसी यात्री का छूटा बताया जा रहा है। बैग के मालिक का पता चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जनवरी के शुरू में पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमले के बाद एजेंसिंयों ने उत्तर भारत में गणतंत्र दिवस के मद्देनजर हाई अलर्ट जारी किया हुआ है।