पंजाब के पटियाला जिले में एक बेटे ने अपनी मां और भाई की बेरहमी से हत्या की। वारदात में उसके दो साथी भी शामिल हैं। मामला पटियाला जिले के गांव कांगथला का है। आरोपी ने सबल से वार कर मां को मौत की घाट उतारा। मां और भाई का गुनाह बस इतना था कि वह नशा करने से रोकते थे। थाना शुतराणा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मृतकों की पहचान परमजीत कौर (50) और जसविंदर सिंह (20) के रूप में हुई है।
वारदात को परमजीत कौर के बड़े बेटे गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदा (28) और उसके दो दोस्त रजिंदर सिंह उर्फ राजा व रणजीत सिंह उर्फ राणा ने अंजाम दिया। अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपी ने अपनी मां की लाश को टुकड़ों में बांट दिया। इसके बाद तेल डालकर घर में ही जला दिया। वहीं छोटे भाई के शव को कैथल-खन्नौरी ड्रेन में फेंक दिया। वारदात के बाद से पूरे गांव में सनसनी फैली है।
थाना शुतराणा के प्रभारी मनप्रीत सिंह ने इस मामले में बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब दो बजे पुलिस सागरा पुल पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव कांगथला निवासी भगवान सिंह ने पुलिस टीम को सूचना दी कि उसके ताया की बेटी परमजीत कौर गांव कांगथला में ब्याही है। परमजीत कौर के पड़ोसी प्रहलाद सिंह ने फोन कर बताया है कि उसकी बहन के घर से धुआं उठ रहा है और कुछ जलने की बदबू आ रही है। जब वह बहन के घर पहुंचा तो वहां परमजीत कौर व उनका छोटा बेटा मौजूद नहीं था। घर में खून के धब्बे थे और कुछ जली हुई हडि्डयां व कपड़े कोने में पड़े थे। पुलिस ने परमजीत कौर के कंकाल को बरामद कर लिया।