जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत एक तस्कर से 10 ग्राम स्मैक और 35 मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस ने अदालत में पेश किया जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है।
जिले के एसएसपी गुरप्रीत सिंह तूर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पुलिस ने ढाबा चलाने वाले राजीव चोपड़ा वासी प्रीत कलोनी के ढाबे से दस ग्राम स्मैक, 35 मोबाइल, 35 हजार रुपये की नकदी, एक कैमरा, चार सौ सिरिंज, नशा तोलने में प्रयोग की जाने वाली लकड़ी और कंडा बरामद किया।
एसएसपी ने बताया कि तस्कर राजीव ने कुबूल किया कि वह घनौली निवासी एक महिला से नशे की पुड़िया लेता था। उस दिन भी वह पुड़िया लाया था। इसमें से एक का उसने सेवन कर लिया और दो बेच दीं।
राजीव ने कहा कि पकड़े गए मोबाइल फोन नशे के पैसे न देने वालों के हैं। पुलिस ने राजीव को अदालत में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
अब तक 18 मामले दर्ज
एसएसपी ने बताया कि जिले में अब तक 18 मामले दर्ज किये जा चुके हैं। पुलिस ने 21 लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इन मामलों में 36.05 ग्राम हेरोइन, 32.05 ग्राम स्मैक और 1450 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। नशा बेचने और खरीदने वाले युवकों की आयु 20 से 28 साल है।
पुलिस इन युवकों को नशे से दूर रखने के लिए आठ-आठ गांव के कलस्टर बनाकर जागरूकता मुहिम चलाएगी। दस दौरान नाटकों का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान एसपी दर्शन सिंह मान, डीएसपी हरबीर सिंह अटवाल, इंस्पेक्टर कलबीर सिंह मौजूद थे।