भविष्यवाणी के झूठ निकलने से ज्यादा खतरनाक होता है, उसका सच हो जाना। इससे अंधविश्वास और मजबूत होता है। इंटरनेट पर मौत का दिन बताने वाली साइट की भविष्यवाणी पर विश्वास कर एक ट्रांसपोर्टर ने उसी तरीके से जान दी, जैसा कि उसमें बताया गया था। 24 अप्रैल को ट्रांसपोर्टर की शादी होने वाली थी।
गांव त्रिवेद्वी कैंप निवासी रमन मनोचा (28) डेराबस्सी ट्रक यूनियन में ट्रांसपोर्ट का काम करता था। शनिवार को उसने जहर खाकर अपनी जान दे दी। उसके दोस्तों के अनुसार रमन ने इंटरनेट पर अपनी मौत के कारणों की फरवरी में जानकारी ली थी और उसने अपने फेसबुक एकाऊंट पर इसका स्टेटस भी डाला था।
स्टेटस में उसने भविष्यवाणी का जिक्र करते हुए लिखा था कि जहर खाने से उसकी मौत होगी। दोस्तों ने इस पोस्ट पर कई कमेंट भी किए थे। दोस्तों ने बताया कि रमन अपने पीछे कोई सुसाइड नोट छोड़ गया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
थाना प्रभारी गुरजीत सिंह ने बताया कि डाक्टरों ने बताया कि रमन ने कोई जहरीली चीज निगली है। जहर क्या था, इसका पता विसरा रिपोर्ट से लगेगा। पिछले वर्ष रमन की बहन चारू की अपनी ससुराल में संदिग्ध परिस्थिति में आग में झुलसने से मौत हो गई थी।
ससुराल वालों पर केस भी दर्ज है। रमन ने अपने फेस बुक एकाऊंट पर अपनी बहन की तस्वीरें भेज कर उसको इंसाफ दिलाने की मांग की थी। इस पर उसके जीजा ने एक लड़की के साथ उसकी तस्वीरें पोस्ट कर जल्द ही उसको सलाखों के पीछे भेजने की बात लिखी थी।