विजिलेंस टीम की गिरफ्त में आरोपी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कपूरथला में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने गुरुवार को जल आपूर्ति और स्वच्छता विभाग के एसडीओ अगमजोत सिंह और उनके कार्यालय में तैनात फिटर हेल्पर मनजीत सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सिविल ठेकेदार जतिंदर सिंह निवासी सोलर रोड पटियाला ने मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार रोधी हेल्पलाइन में शिकायत दी थी। शिकायत की जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी कंस्ट्रक्शन फर्म मैसर्स गोराया कांट्रैक्टर्स पटियाला को आईकेजी-पीटीयू कपूरथला में दो काम आवंटित किए गए थे और उक्त आरोपी अधिकारी ने एक काम में देरी के लिए उसकी फर्म पर 2,49,824 रुपये का जुर्माना लगाया था।
इस दौरान शिकायतकर्ता ने जाली रसीद तैयार कर जुर्माने की रकम में से 1,59,951 रुपये निकाल लिए और आरोपी एसडीओ और उनके फिटर हेल्पर ने उन्हें धमकी दी कि अगर उन्होंने रिश्वत के रूप में सात लाख रुपये नहीं दिए तो इस कृत्य के लिए उनके खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इस मामले में सौदा एक लाख रुपये में तय हुआ। उन्होंने आगे कहा कि जब उक्त आरोपी ने उन्हें इस संबंध में शिकायत दर्ज करने की धमकी दी तो उन्होंने 1,59,951 रुपये की उक्त जुर्माना राशि विभाग के पास जमा कर दी। शिकायतकर्ता ठेकेदार ने आरोपी के साथ हुई बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि विजिलेंस ब्यूरो जालंधर रेंज ने इस ऑनलाइन शिकायत की जांच की और उक्त एसडीओ और फिटर हेल्पर को शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का दोषी मिलने पर गिरफ्तार कर किया है। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो जालंधर रेंज में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।