गांव घराचों के पास शनिवार की रात दो कारें आपस में टकराने के बाद पेड़ों से जा टकराईं। इससे एक व्यक्ति सहित दो नौजवानों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पतालों में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
मानसा जिले के गांव भम्मा खुर्द निवासी केवल सिंह (35) अपनी पत्नी गुरप्रीत कौर और पुत्र गुरफतेह सिंह के साथ पटियाला के पास स्थित गुरुद्वारा परमेश्वर द्वार में आयोजित धार्मिक समागम में हिस्सा लेने के लिए अपने गांव से चला था। सुनाम में आकर उन्होंने इंडिका कार किराये पर ली, जिसे गुरप्रीत सिंह निवासी सुनाम चला रहा था।
इसी दौरान गांव घराचों के पास एक जेन कार जिसमें तलवंडी साबो के रहने वाले पांच नौजवान सुनील कुमार, सुरेश कुमार, चांद राम, लवप्रीत सिंह और बिक्रमजीत सिंह सवार थे।
जेन कार ने इंडिका कार को ओवरटेक करने की कोशिश की तो अचानक सामने से कोई अन्य वाहन आ गया। इससे दोनों कारें बेकाबू होकर खतानों में दरख्तों से जा टकराईं।
हादसे में इंडिका कार सवार केवल सिंह, जेन कार में सवार सुरेश कुमार और चांद राम की मौत हो गई। बाकी कार सवार लोग जख्मी हो गए।
घायलों में गुरप्रीत कौर तथा उसके बेटे की हालत गंभीर होने की वजह से पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल कराया गया। मृतकों के शव सुनाम अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखे गए हैं। थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।