मतलौडा(पानीपत) के सींक और छिंछड़ाना गांव के पास सोमवार सुबह तीन नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर हैचरी के एक कर्मचारी से पौने 17 लाख रुपए लूट लिए।
कर्मचारी इन पैंसों को अहर गांव स्थित एसबीआई की शाखा में जमा कराने जा रहा था। दिनदहाड़े लूट की सूचना मिलते ही डीएसपी बली सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। देर शाम तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा था।
पुलिस के अनुसार जींद जिले के गांव लुदाना स्थित मोर हैचरी के कर्मचारी इंद्रजीत रिपोर्ट में बताया कि वह मोर हैचरी के 16.75 लाख रुपये एक बैग में डालकर अपनी कार से अहर गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में जमा कराने जा रहा था।
सींक व छिछड़ाना के बीच खेतों में निर्माणाधीन अनाज मंडी के पास पीछे से एक अन्य कार ने उसकी कार को ओवरटेक करते हुए उसकी कार रुकवा दी। उस कार में से निकले तीन नकाबपोश बदमाशों ने उस पर पिस्तौल तान गाड़ी में रखे पैसे देने की धमकी दी।
आनाकानी करने पर बदमाशों ने उसकी कार का आगे का शीशा तोड़कर कार में रखा रुपयों से भरा बैग निकाल लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने लूट से पहले हैचरी के पैसे की पूरी जानकारी ली और फिर उसी के आधार पर रूट मैप बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
माना जा रहा है कि बदमाश हैचरी के आसपास ही गाड़ी के पीछे लग गए थे। उन्होंने सींक से निकलते ही खेतों में सुनसान एरिया आते ही वारदात को अंजाम दे दिया। मतलौडा पुलिस ने जींद व आसपास के कई स्थानों पर लुटेरों को गिरफ्तारी में छापेमारी की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।