डायमंड शोरूम से 14 करोड़ की लूट मामले में पुलिस का दावा है कि सारा ड्रामा 10 करोड़ की इंश्योरेंस हासिल करने के लिए रचा गया! दरअसल सेक्टर-17 में फॉरएवर डायमंड शोरूम से 14 करोड़ के हीरे और ज्वेलरी लूट को ड्रामा बताते हुए मंगलवार को पुलिस ने एक शोरूम मालिक विनोद वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका भाई रजनीश वर्मा अभी फरार चल रहा है।
पुलिस ने 65 लाख की ज्वेलरी भी बरामद कर ली है, जो आरोपियों ने अपने पार्टनर के पास रखी थी। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के पार्टनर ने खुद ज्वेलरी पुलिस को सौंपी है। एसएसपी सुखचैन सिंह गिल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि विनोद वर्मा को पंचकूला के सेक्टर-6 अस्पताल से हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद मंगलवार शाम करीब पांच बजे उसकी गिरफ्तारी डाली गई।
वहीं 65 लाख की ज्वेलरी दोनों आरोपियों ने अपने बिजनेस पार्टनर शेखर के पास जमा कर रखी थी। एसएसपी ने दावा किया कि शेखर ने अखबारों में फर्जीवाड़े का खुलासा पढ़ने के बाद ज्वेलरी पुलिस को सौंप दी।
केस में पांच आरोपी लूट के ड्रामे में पांच आरोपियों को शामिल किया गया है। मुख्य आरोपी दोनों भाइयों के अलावा तीन लोग इसमें शामिल थे। अब पुलिस उन तीनों की तलाश में लगी है, जो इस वारदात में शामिल थे। पुलिस का दावा है कि विनोद ने इन तीनों के पते ठिकाने बता दिए हैं।
10 करोड़ की इंश्योरेंस के लिए ड्रामा एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने दस करोड़ की इंश्योरेंस लेने के लिए ड्रामा रचा था। दरअसल, उन्होंने जनवरी में इंश्योरेंस करवाया था। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने 14 करोड़ लूट का अमाउंट इसलिए बताया, ताकि उनको इंश्योरेंस की पूरी रकम मिल जाए।