फेज-4 में सोमवार को दिन दहाडे़ दो नकाबपोश लुटेरों ने बीजेपी के सीनियर नेता के घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने घर में घुसते ही नेता की पत्नी के हाथ पर चाकू से हमला किया।
महिला से नगदी लेकर उसे स्टोर में बंद कर भाग गए। करीब 25 मिनट बाद जब उनका ड्राइवर घर पहुंचा, तो उसने महिला को स्टोर से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही एसपी सिटी-1 आशीष कपूर की अगुवाई में पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, घटना फेज-4 के मकान नंबर 955 में सोमवार सुबह साढ़े दस बजे हुई। घटना के समय पुडा के पूर्व इंजीनियर एवं बीजेपी के जिला महासचिव हरचरण सिंह सैनी घर में नहीं थे। वहीं, उनका ड्राइवर दवा लेने के लिए मार्केट गया हुआ था। हरचरण सिंह की पत्नी नरिंदर कौर घर पर अकेली थीं।
इस दौरान मकान के पिछले हिस्से में बनी गैरेज के रास्ते से दो नकाबपोश लुटेरे घर में घुसे। नरिंदर कौर के मुताबिक, लुटेरों के हाथ में चाकू थे। उन्होंने चाकू से उनके हाथ पर वार किया। साथ ही घर में रखी नगदी उनके हवाले करने के लिए कहा। नगदी देते ही लुटेरों ने उन्हें स्टोर में बंद कर दिया और वहां से वह भाग गए।