पंजाब में लुटेरों और बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। बैखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पटियाला से एक वीडियो सामने आया है। इसे देखकर तो यही साबित हो रहा है। थाना त्रिपड़ी के अंतर्गत आनंद नगर इलाके में दिनदहाड़े मोटरसाइकिल सवार युवक ने बुजुर्ग महिला के कान से सोने की बालियां छीन लीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर अज्ञात झपटमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी ने हेलमेट लगा रखा था। इस वजह से उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पीड़ित महिला सुरिंदर कौर (60) आनंद नगर में रहती है। महिला घरेलू सामान लेने बाजार गई थी। जिस समय वारदात हुई, वह सामान लेकर अपने घर लौट रही थी। महिला को सड़क पर अकेली जाता देख पास से गुजर रहा मोटरसाइकिल सवार कुछ आगे जाकर रुकता है और मोटरसाइकिल खड़ी कर पैदल महिला का पीछा करता है। इसके बाद जबरन महिला के कान से बालियां निकाल लेता है। महिला उसका विरोध करती है और शोर भी मचाती है। मगर आरोपी बालियां छीनकर मौके से फरार हो जाता है।